भारतीय सहायता से बनेगा श्री महेश्वर माध्यमिक विद्यालय का भवन

कंचनपुर, 27 जुलाई। सुदूरपश्चिम प्रदेश के कंचनपुर जिले स्थित भीमदत्त नगरपालिका–10 में श्री महेश्वर माध्यमिक विद्यालय के नए शैक्षिक भवन निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई है। भारतीय सरकार की वित्तीय सहायता से निर्माणाधीन इस परियोजना का संयुक्त रूपमा भारतीय दूतावास, काठमांडू के प्रथम सचिव वशिष्ठ नंदन तथा भीमदत्त नगरपालिका की उपप्रमुख नीलम लेखक जोशी ने शिलान्यास किया।

यह भवन भारत सरकार के सहयोग से संचालित उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (HICDP) के अंतर्गत निर्माण किया जा रहा है। परियोजना की कुल लागत लगभग 1.9 करोड़ नेपाली रुपये (NPR 19 मिलियन) निर्धारित की गई है, जबकि इसका कार्यान्वयन भीमदत्त नगरपालिका के माध्यम से किया जाएगा। यह कंचनपुर जिले में भारत सरकार द्वारा समर्थित 11वीं HICDP परियोजना है।

शिलान्यास समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक, अभिभावक तथा अन्य सरोकारवालों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर उपप्रमुख नीलम लेखक जोशी ने शिक्षा क्षेत्र के विकास में भारत सरकार के निरन्तर सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक विद्यालय भवन निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधासम्पन्न और गुणस्तरीय शैक्षिक वातावरण उपलब्ध होगा। इससे शिक्षण–अधिगम प्रक्रिया को भी उल्लेखनीय मजबूती मिलेगी।

भारतीय दूतावास द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नेपाल और भारत के बीच लंबे समय से बहुआयामी तथा घनिष्ठ सहयोगात्मक संबंध रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत पूर्वाधार तथा सामुदायिक विकास जैसे प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में भारत सरकार द्वारा प्रदान किया जा रहा सहयोग नेपाल सरकार के विकास तथा समृद्धि के प्रयासों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विद्यालय भवन निर्माण परियोजना को भी दोनों देशों के बीच विकास साझेदारी और पारस्परिक सहयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *