वीरगंज में भारत का ८०वाँ स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

वीरगंज, । भारत के ८०वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया। समारोह में भारतीय समुदाय के सदस्यों, भारत के मित्रों, स्थानीय उद्योगी एवं व्यवसायियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा वीरगंज क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

समारोह की शुरुआत देशभक्ति से ओतप्रोत ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस अवसर पर महावाणिज्यदूत मीणा ने भारत के राष्ट्रपति के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिए गए संदेश को उपस्थित जनसमुदाय के समक्ष पढ़कर सुनाया।

समारोह का प्रमुख आकर्षण वीरगंज के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा विशेष क्षमता वाले बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया और उन्हें खूब सराहना मिली।

कार्यक्रम में पर्सा और बारा जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों की भी उपस्थिति रही। इसके अलावा वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ (BiCCI), NIFA, NYEF, NiCCI, पतंजलि सहित विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक एवं अन्य संघ-संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने समारोह में सहभागिता की। विभिन्न क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से कायम मैत्रीपूर्ण संबंध, जनस्तरीय संपर्क और आपसी सहयोग की भावना को थप मजबूत किया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों तथा विशेष क्षमता वाले बच्चों को महावाणिज्यदूत देवी सहाय मीणा ने प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की प्रशंसा करते हुए उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को भारत-नेपाल के बीच सांस्कृतिक एवं जनस्तरीय संबंधों को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इसी अवसर पर भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘भारत को जानिए’ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही, भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा विभिन्न विद्यालयों के सहयोग से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसापत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में उपस्थित अतिथियों ने भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक तथा पारस्परिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने पर जोर दिया।

महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल स्वतंत्रता दिवस मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भारत और नेपाल के लोगों के बीच आपसी समझ, मित्रता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग को निरंतर मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। वीरगंज में आयोजित समारोह ने दोनों देशों के बीच आत्मीय एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों की झलक प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *