रक्सौल। सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए लगातार रक्तदान करने वाले मस्कारा ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री रवि मस्कारा को उनके 50वें रक्तदान के उपलक्ष्य में डंकन अस्पताल प्रशासन, रक्सौल द्वारा सम्मानित किया गया।
शनिवार, 25 जुलाई 2026 को स्थानीय डंकन अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में अस्पताल के प्रमुख डॉ. प्रभु जोसेफ ने श्री रवि मस्कारा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्लड बैंक इंचार्ज अनूप स्टीफन, डॉ. डेविड एवं उनकी टीम ने भी श्री मस्कारा को शुभकामनाएं दीं और उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।
सम्मान समारोह के बाद श्री रवि मस्कारा ने अपना 51वां रक्तदान छौड़ादानो निवासी श्री देवेंद्र यादव के पुत्र के लिए किया। उन्होंने बताया कि मस्कारा ट्रस्ट के सदस्य लगातार जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहते हैं। संस्था के सैकड़ों सदस्य इस सेवा अभियान से जुड़े हुए हैं।
श्री मस्कारा ने कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित और महान कार्य है। स्वस्थ व्यक्ति नियमित अंतराल पर रक्तदान कर सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगे बढ़कर अपने नजदीकी ब्लड बैंक में रक्तदान करें, ताकि जरूरतमंदों की सहायता हो सके और समाज में मानवता की भावना मजबूत बने।